Showing posts with label पाकिस्तान. Show all posts
Showing posts with label पाकिस्तान. Show all posts

Friday, 27 March 2015

नसीरुद्दीन शाह का विवादित इंटरव्‍यू पाक मीडिया में छाया!

हाल ही में पाकिस्तान के सफल दौरे से भारत लौटे अभ्रिनेता नसीरुद्दीन शाह अपने एक विवादित इंटरव्यू की वजह से सुर्खियों में छाए हुए हैं! इसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा है कि भारत में पाकिस्तान के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है और उसकी छवि दुश्मन देश के तौर पर बनाने के लिए भारतीयों का ब्रेनवॉश किया जा रहा है।

खबर है कि नसीरुद्दीन शाह का यह विवादित इंटरव्यू पाकिस्तान के सभी अखबारों और चैनलों पर छाया हुआ है। वहां के एक जानेमाने अंग्रेजी अखबार ने लिखा है, 'पाकिस्तान के सफल दौरे के बाद भारत लौटे नसीरुद्दीन शाह ने इस बात को लेकर चिंता जताई है कि उनके देश में पाकिस्तान के प्रति नफरत बढ़ रही है।'

इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यह भी कहा है, 'मैं पाकिस्तान जाता रहता हूं। मुझे लगता है कि लोगों में संपर्क बना रहना चाहिए, क्योंकि राजनेता तो जरूरत पड़ने पर रंग बदल लेंगे। भारतीयों का ब्रेनवॉश किया जा रहा है कि पाकिस्तान एक दुश्मन देश है। उन्हें यह नहीं बताया जा रहा है कि इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि क्या रही है।'
 

Monday, 23 March 2015

मोदी की पाक को बधाई, कहा-आतंक मुक्‍त माहौल में सुलझाएं मसले

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान दिवस पर ट्वीट कर पड़ोसी मुल्क को बधाई दी है। पीएम ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को चिट्ठी भी लिखी है और कहा है कि आतंक मुक्त माहौल के बीच बातचीत से सभी मुद्दों को सुलझाया जा सकता है।

वहीं, राजधानी दिल्ली स्थित पाक उच्चायोग में आज मनाए जा रहे पाकिस्तान दिवस में कश्मीर के अलगाववादी नेताओं को न्योता भेजे जाने और उनके शरीक होने का विरोध हो रहा है। शिवसेना ने अलगावादी लीडर्स के समारोह में शामिल होने के विरोधस्वरूप राजधानी में प्रदर्शन किया। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा पाक हाई कमिश्नर का अलगाववादी नेताओं को बुलाना भारत के लिए चिंता का विषय है। भारत सरकार को इस पर ऐक्शन लेना चाहिए। वहीं, इस मुद्दे पर पाकिस्तान से पहले ही नाराज चल रहे भारत की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह से इस बाबत सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

भारत में पाकिस्तान के उच्च आयुक्त अब्दुल बासित ने आज कहा कि यह भारत और पाकिस्तान के संबंधों को सामान्य करने और मिलकर शांति एवं स्थिरता के नए युग की शुरूआत करने का सही समय है। पाकिस्तान भारत के साथ मिलकर बातचीत के जरिए हर मुद्दा [जम्मू-कश्मीर मामला भी] सुलझाना चाहता है।

Thursday, 12 March 2015

सुनंदा पुष्‍कर मामले में हो सकती है मेहर तरार से पूछताछ

सुनंदा पुष्कर हत्या मामले में दिल्ली पुलिस पाकिस्तान की पत्रकार मेहर तरार से पूछताछ कर सकती है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस एक बार फिर से जरूरत पड़ने पर इस मामले में शशि थरूर से भी पूछताछ कर सकती है। पुलिस कमिश्नर ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा है कि मामले में तफती श चरणबद्ध तरीके से जारी है।

गौरतलब है कि मेहर तरार का नाम पहली बार उस वक्त सामने आया था जब इस बात की आशंका जताई गई थी कि शशि और मेहर के बीच ऑनलाइन चैटिंग हो रही है। मामले की जांच करने वाले अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद महिला पत्रकार व सुनंदा की दोस्त नलिनी सिंह ने दक्षिण जिला पुलिस व वसंत विहार के तत्कालीन एसडीएम आलोक कुमार को बताया था कि शशि थरूर सुनंदा से रिश्ते को लेकर खुश नहीं थे। वह सुनंदा से तलाक लेकर पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार से शादी करना चाहते थे। सुनंदा इस बात को लेकर बेहद नाराज व तनाव में थीं। दोनों के बीच लगातार झगड़ा हो रहा था, जिससे थरूर तंग आ चुके थे।

Tuesday, 10 March 2015

पाकिस्तान के पास भारत से ज्यादा परमाणु हथियार

भारत के साथ कड़वे रिश्तों के बीच पाकिस्तान अपनी परमाणु क्षमता बढ़ाता जा रहा है। पाकिस्तान के पास भारत और इजरायल से ज्यादा परमाणु हथियार हैं। पिछले साल तक पाकिस्तान के पास 120 परमाणु हथियार थे। यह संख्या भारत के परमाणु हथियारों की तुलना में 10 अधिक थी। इजरायल के पास भी 80 परमाणु हथियार थे। परमाणु वैज्ञानिकों के बुलेटिन द्वारा विकसित नए इंटरैक्टिव इंफोग्राफ से यह खुलासा हुआ है।

शिकागो विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा 1945 में स्थापित बुलेटिन द्वारा विकसित यह इंफोग्राफिक नौ परमाणु क्षमता संपन्न राष्ट्रों के परमाणु हथियारों की संख्या और इतिहास का पता लगाता है। शिकागो के वैज्ञानिकों ने मैनहट्टन परियोजना के तहत सबसे पहला परमाणु हथियार विकसित करने में मदद की थी।

न्यूक्लियर नोटबुक इंटरैक्टिव इंफोग्राफिक, बुलेटिन के उस न्यूक्लियर नोटबुक का दृश्य आंकड़ा पेश करता है, जिसने 1987 से विश्र्व भर के परमाणु हथियारों की संख्या और प्रकार का पता लगाया है। ताजा संस्करण में लेखकों ने नोटबुक के 28 साल के इतिहास पर चर्चा की है।

Tuesday, 3 March 2015

पाक के विदेश सचिव से मिले जयशंकर

करीब सात माह बाद दक्षेस देशों की यात्रा के तहत भारत के विदेश सचिव एस. जयशंकर मंगलवार को पाकिस्तान पहुंचे और वहां पर वे पाकिस्तान के विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी से मुलाकात की। इस्लामाबाद को उम्मीद है कि जयशंकर की इस दो दिवसीय यात्रा से दोनों देशों के बीच नियमित बातचीत की जमीन तैयार हो गई।

मीडिया रिपोर्टो के अनुसार वार्ता के दौरान पाकिस्तान वर्ष 2003 में किए गए संघर्ष विराम समझौते को फिर से लागू करने का सुझाव दे सकता है ताकि नियंत्रण रेखा पर हो रही गोलीबारी से उत्पन्न तनाव को कम किया जा सके। आधिकारिक स्तर पर एक-दूसरे के खिलाफ बयान देने से बचने की बात पर भी सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि दोनों देशों के बीच परस्पर विरोधी बयान नहीं देने को लेकर भी समझौता किया जा सकता है। इससे मीडिया के माध्यम से तय होने वाली कूटनीति से बचा सकेगा। हालांकि, पाकिस्तान सरकार का एक तबका इसे अटकलबाजी मानता है।
 
 

अपनी मांगों को पाकिस्‍तान के सामने रखें आवैसी: शिवसेना

एमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए शिवसेना ने कहा है अल्पसंख्यकों के नेता ओवैसी को अगर जाति के आधार पर आरक्षण चाहिए तो उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए और वहां अपनी मांगों को रखना चाहिए। आपको बता दें कि ओवैसी ने महाराष्ट्र के मुसलमानों को अल्पसंख्यक करार देते हुए आरक्षण की मांग की थी।

शिवसेना ने ओवैसी के भाषण को 'घृणित' करार देते हुए कहा कि देवेंद्र फड़नवीस सरकार को ओवैसी के खिलाफ मामला दर्ज कराना चाहिए और कानूनी कार्यवाही शुरू कर देनी चाहिए।

पढ़ें - मरते दम तक करते रहेंगे भाजपा-आरएसएस का विरोध: औवेसी

शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में प्रकाशित एक लेख में कहा ओवैसी की मांग है कि महाराष्ट्र में मुसलमानों को मराठों के समान आरक्षण मिलना चाहिए। इस तरह के आग्रह भारत से पाकिस्तान की जुदाई का कारण बनते हैं। ओवैसी को पाकिस्तान चले जाना चाहिए, जहां उनकी मांगों को धार्मिक आधार पर पूरा किया जा सकता है।

एमआईएम अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को नागपुर में सभा को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र में नौकरी और शिक्षण संस्थानों में मुसलमानों के लिए आरक्षण की मांग की थी।

 

Saturday, 28 February 2015

हिट हुआ 'गब्बर' का 'गजनी' हेयरस्टाइल, फ्लॉप हुआ बल्ला

टीम इंडिया के धुआंधार ओपनर और गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन इस विश्व कप में हर तरफ छाए हैं। पहले और दूसरे मैच में पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक व शतक जड़ने वाले धवन पर्थ में नए अंदाज में उतरे। धवन इस मैच में मशहूर बॉलीवुड फिल्म 'गजनी' में आमिर खान द्वारा रखा गया चर्चित हेयरस्टाइल रखकर मैदान पर उतरे थे।

धवन ने अपने बाल काफी लंबे समय से छोटे रखे हुए हैं और अब उन्होंने उसमें आमिर खान से प्ररित होकर नया लुक दिया है। वैसे, धवन का ये हेयरस्टाइल तो हिट होता दिखा लेकिन उनका बल्ला आज फ्लॉप हो गया। यूएई के खिलाफ उम्मीद थी कि वो एक ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपना फॉर्म जारी रखेंगे लेकिन यहां धवन 14 रन बनाकर कैच आउट हो गए।