Showing posts with label पुलिस. Show all posts
Showing posts with label पुलिस. Show all posts

Thursday, 26 March 2015

गुठनी में उत्पाद इंस्पेक्टर के घर 12 लाख की डकैती

गुठनी थाना क्षेत्र के टेकनिया गांव में बुधवार देर रात मैरवा-गुठनी मेन रोड पर स्थित उत्पाद इंस्पेक्टर के घर पर डकैतों ने धावा बोल दिया। अपराधियों ने परिवार के लोगों को बंधक बनाकर नकदी, गहने व अन्य कीमती सामान मिलाकर 12 लाख रुपये की संपत्ति लूट लिए। विरोध करने पर परिजनों से मारपीट भी की। सभी बदमाश हथियार से लैस थे।

तमिलनाडू के तिरुचिरापल्ली में उत्पाद इंस्पेक्टर आशुतोष मिश्र छुट्टियों में टेकनियां गांव स्थित पैतृक घर में आए हुए थे। उनकी मानें तो देर रात आधा दर्जन अपराधी घर में घुस गए। बदमाशों ने हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लूटपाट की। विरोध करने पर आशुतोष के सिर पर पिस्तौल की बट से वार कर दिया। उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चंद्र प्रकाश दलबल के साथ पहुंचे। पुलिस ने गांव से डेढ़ किलोमीटर दूरी पडऱी चंवर में आशुतोष के घर से लूटी गई अटैची और कृत्रिम गहने बरामद किए। पुलिस का अनुमान है कि डकैत उसी ओर भागे होंगे। रात में ही उन्होंने आपस में लूट गए सामान व नकदी का बंटवारा किया और जो उपयोग लायक नहीं था, उसे फेंक दिया। घटना के पीछे परिचित का हाथ होने की संभावना जताई जा रही है।

विधानसभा मार्च के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस में टकराव

पटरी से उतर चुकी शिक्षा व्यवस्था के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विधानसभा घेराव की कोशिश की, जिसे रोकने पहुंची पुलिस से टकराव हो गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की तो पत्थरबाजी शुरू हो गई। शुरुआती टकराव के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता पुलिस पर भारी पड़ गए, जिससे पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। बवाल की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिसबल के साथ एसएसपी जितेंद्र राणा भी मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया और रबर बुलेट से कई राउंड फायरिंग भी की।

प्रदेश में बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था के विरोध मे एबीवीपी ने विधानसभा घेराव की घोषणा की थी। इसी के चलते गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रदेशभर से कार्यकर्ता पटना पहुंचने लगे। दोपहर तक हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुट गए और नारेबाजी करते हुए विधानसभा का घेराव करने चल दिए। पुलिस ने आर ब्लॉक पर उन्हें रोका तो बवाल होने लगा। हजारों कार्यकर्ताओं के आगे चंद पुलिसकर्मी कमजोर पड़ गए और पीछे हट गए। एबीवीपी कर्याकर्ताओं ने आरब्लॉक गेट तोड़ दिया। इसी बीच सूचना पाकर एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का आदेश दिया। लाठीचार्ज होने पर दूसरी ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसके बाद पुलिस ने रबर बुलेट से फायरिंग कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। घटना के चलते भीषण जाम लग गया। आसपास खड़े वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई। आरब्लॉक और उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है और सैकड़ों एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

Thursday, 12 March 2015

सुनंदा पुष्‍कर मामले में हो सकती है मेहर तरार से पूछताछ

सुनंदा पुष्कर हत्या मामले में दिल्ली पुलिस पाकिस्तान की पत्रकार मेहर तरार से पूछताछ कर सकती है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस एक बार फिर से जरूरत पड़ने पर इस मामले में शशि थरूर से भी पूछताछ कर सकती है। पुलिस कमिश्नर ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा है कि मामले में तफती श चरणबद्ध तरीके से जारी है।

गौरतलब है कि मेहर तरार का नाम पहली बार उस वक्त सामने आया था जब इस बात की आशंका जताई गई थी कि शशि और मेहर के बीच ऑनलाइन चैटिंग हो रही है। मामले की जांच करने वाले अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद महिला पत्रकार व सुनंदा की दोस्त नलिनी सिंह ने दक्षिण जिला पुलिस व वसंत विहार के तत्कालीन एसडीएम आलोक कुमार को बताया था कि शशि थरूर सुनंदा से रिश्ते को लेकर खुश नहीं थे। वह सुनंदा से तलाक लेकर पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार से शादी करना चाहते थे। सुनंदा इस बात को लेकर बेहद नाराज व तनाव में थीं। दोनों के बीच लगातार झगड़ा हो रहा था, जिससे थरूर तंग आ चुके थे।

Monday, 9 March 2015

बिहार: पुलिसकर्मियों ने एक दूसरे की गोली मार की हत्या

बिहार में दो पुलिसकर्मियों ने बहसबाजी के बाद एक दूसरे की गोली मारकर हत्या कर दी। पटना के एसएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि घटना पटना के बिक्रम ब्लॉक की है। वहां दोनों पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे।

राणा ने कहा कि हम मामले की जांच पड़ताल कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विवाद की वजह क्या थी। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच गरमा गरम बहस हुई इसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर गोली चला दी, जिससे दोनों की मौत हो गई।

Friday, 27 February 2015

लखनऊ में एटीएम के पास से कैश लूट, तीन की हत्या

उत्तर प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था का पूरा लाभ लेते हुए राजधानी लखनऊ के भीड़ भरे डालीगंज क्षेत्र में बदमाशों ने एटीएम में कैश डालने जा रहे तीन लोगों को गोली मार दी। गोली मारने के बाद यह बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गये। गोली लगने से एटीएम में कैश डालने वैन से आए दो गार्ड तथा एक लोडर की अस्पताल में मौत हो गई। तीन हत्याओं के लखनऊ में माहौल काफी खौफजदा है।

राजधानी के डालीगंज क्षेत्र के व्यस्त बाजार में आज दिन में करीब एक बजे एक निजी बैंक के एटीएम में कैश डालने के लिए सुरक्षा गार्ड अरुण व अनवीश के के साथ लोडर अनिल पहुंचे। यह लोग वैन से कैश बैग लेकर एटीएम में जा ही रहे थे कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे। इन लोगों ने दोनों गार्ड पर फायरिंग की और एटीएम में चले गये। वहां पर लोडर को गोली मारने के बाद बैग छीन लिया। व्यस्त बाजार से यह तीनों बैग लेकर बाइक से भाग गये। गोली लगने से इस लोडर अनिल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोनों गार्ड अरुण व अवनीश ने अस्पताल में जाकर दम तोड़ दिया। पुलिस जांच की औपचारिकता में लगी है।

 

छात्रा ने पेट्रोल पम्‍प के शौचालय में बच्चा जन्‍मा और फिर उसे मार डाला

स्नातक की छात्रा ने शौचालय में एक बच्चे को जन्म दिया और बाद में नवजात की हत्या कर दी। उसने गर्भवती होने की किसी को भी जानकारी नहीं दी थी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना बृहस्पतिवार सुबह की है। वह सलेम जिले के अथूर स्थित एक निजी कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा है। गुरुवार को वह अपने सहपाठियों के साथ कॉलेज टूर से बस से लौट रही थी। अचानक से उसने पेट में तेज दर्द होने की बात कही।

इस पर बस को नवक्करई के समीप एक पेट्रोल पंप पर रोका गया। छात्रा शौचालय में गई, काफी समय के बाद भी उसके बाहर नहीं आने पर छात्रा के दोस्त शौचालय पहुंचे। वहां वह खून से लथपथ फर्श पर बेसुध पड़ी थी। शौचालय में ही उसने बच्चे को जन्म दे दिया था। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां शिशु को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस का मानना है कि शादी पूर्व मां बनने के कारण युवती ने नवजात की गला दबाकर हत्या कर दी। हालांकि सच्चाई का पता तभी चलेगा, जब लड़की से पूछताछ होगी।