Showing posts with label Chief Minister. Show all posts
Showing posts with label Chief Minister. Show all posts

Friday, 20 February 2015

राज्यपाल ने नीतीश कुमार को राजभवन बुलाया

जीतन राम मांझी के इस्तीफा देने के बाद राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने जदयू के विधायक दल के नेता नीतीश कुमार को राजभवन बुलाया है। बताया जाता है कि राज्यपाल नीतीश कुमार को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं। नीतीश के साथ जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, अशोक चौधरी, रामचंद्र पूर्वे, सदानंद सहित कई अन्य लोग भी राजभवन पहुंचे हैं। 

पूर्व मंत्री नरेन्द्र नारायण यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जितनी जल्द सरकार बने, वह राज्य के हित के लिए अच्छा होगा। नीतीश जी के पास पूर्ण बहुमत है। उन्हें 130 विधायकों का समर्थन हासिल है। इसलिए बिना समय गंवाए राज्यपाल महोदय को सरकार गठन के लिए नीतीश जी को आमंत्रित करना चाहिए। नरेन्द्र नारायण यादव ने जीतन राम मांझी के इस्तीफे से जुड़े सवाल पर कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है। अल्पमत सरकार का नेतृत्व करने वाले मांझी ने लोकतंत्र का गला घोंटने वाली भाजपा का समर्थन लेना मुनासिब नहीं समझा। इसलिए मांझी जी ने सदन में बहुमत साबित करने से पहले मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पूरे खेल के पीछे भाजपा काम कर रही थी और उसने मांझी को समर्थन देकर अपने मंसूबे को सही साबित भी कर दिया। मगर मांझी के इस्तीफे से भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो गया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को राज्य में राजनीतिक अस्थिरता का जवाब जनता को देना पड़ेगा।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi 

Thursday, 19 February 2015

लग रहा है बांग्‍लादेश नहीं, अपने देश के दौरे पर ही जा रही हूं: ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज बांग्लादेश दौरे पर रवाना हो रही हैं। ममता बनर्जी ने बताया कि उन्हें बांग्लादेश जाते हुए ऐसा लग रहा है कि वह अपने देश में ही जा रही हैं। बांग्लादेश में ममता बनर्जी कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी और कई रैलियों को संबोधित भी करेंगी। 

ममता बनर्जी ने बताया, 'मुझे बांग्लोदश सरकार ने आमंत्रित किया था। इन दिनों बांग्लादेश और भारत के बीच संबंध ठीक है। भारत और बांग्लादेश दोनों देशों की सरकारों ने घुसपैठ करने वाले लोगों को रिहा किया है। मैं वहां दोनों देशों के बीच चल रहे भूमि अधिग्रहण विवादों को सुलझाने पर जोर दूंगी।'

बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी बांग्लादेश में भाषा शहीद दिवस में भी भाग लेंगी। मुख्यमंत्री को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश के भाषा दिवस पर आमंत्रित किया है। बांग्लादेश में प्रतिवर्ष भाषा शहीद दिवस मनाया जाता है जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है।

ममता बनर्जी ऐसे समय में ढाका जा रही हैं जब बांग्लादेश के कंट्टरपंथी संगठनों के भारत में आकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की खबरें आ रही हैं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, अपने ढाका दौरा में ममता बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद अब्दुल हमीद और प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात करेंगी। ममता बनर्जी तीस्ता जल बंटवारा व सीमा समझौता पर हस्ताक्षर भी कर सकती हैं।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi