Showing posts with label मुलायम सिंह यादव. Show all posts
Showing posts with label मुलायम सिंह यादव. Show all posts

Monday, 9 March 2015

सपा सुप्रीमो की तबीयत में काफी सुधार, प्राइवेट रूम में शिफ्ट

समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव की तबीयत तेजी से सुधर रही है। गुडग़ांव के मेदांता अस्पताल में इलाज करा रहे सपा सुप्रीमो को आज आइसीयू से प्राइवेट रूम में शिफ्ट किया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा सपा सुप्रीमो के पुत्र अखिलेश यादव ने ट्वीट पर मुलायम सिंह यादव को मेदांता अस्पताल के आइसीयू से प्राइवेट रूम में शिफ्ट करने की जानकारी दी।

इससे पहले कल भी उनके स्वास्थ में तेजी से सुधार हो रहा था। उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर अस्पताल की तरफ से दी गई दाल के साथ दो फुल्के भी खाए। उन्हें स्वाइन फ्लू तो नहीं, इसके लिए शनिवार को नमूने लेकर जांच के लिए दिल्ली की एक लैब में भेजा गया था। रिपोर्ट आज मिली, तो उसमें रिपोर्ट निगेटिव है। मुलायम सिंह को पीजीआइ लखनऊ से शुक्रवार रात एक बजे गुडग़ांव के मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में लाया गया था। उन्हें तेज बुखार व फेफड़ों में इंफेक्शन की वजह से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।

Saturday, 7 March 2015

मुलायम की तबियत और बिगड़ी, गुड़गांव के मेदांता में भर्ती

समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव को तबीयत खराब होने के बाद गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत गुरुवार को अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया था।

एसजीपीजीआई अस्पताल के डॉक्टरों ने मुलायम सिंह को छुट्टी देकर आराम की सलाह दी थी, लेकिन मुलायम सिंह की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए लखनऊ से दिल्ली लाया गया है। फिलहाल मेदांता में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव भी मौजूद हैं।

मुलायम सिंह यादव के बीमार होने की खबर के फैलते ही पूरे सपा दल में होली का रंग फीका पड़ गया। मुलायम सिंह यादव के करीबियों के साथ सपा के कई नेताओं ने भी होली नहीं मनाई।

Friday, 27 February 2015

बहुत दिनों बाद मिले मोदी व नीतीश तो हाथ भी मिला लिया!

देश के दो अत्यंत लोकप्रिय सियासी घरानों के बीच अब रिश्तों की डोर बंध गई है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजप्रताप यादव का विवाह गुरुवार को दिल्ली के आलीशान अशोका होटल में संपन्न हुआ।

दो बड़े सियासी घरानों की शादी में राजनीति की कई नामचीन हस्तियों ने हिस्सा लिया। जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी प्रमुख हैं।

इसके अलावा कुछ ही पलों में अतिविशिष्ट अतिथियों का तांता लग गया, लेकिन सबकी निगाहें जाकर टिकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर। जब नीतीश कुमार दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने मंच पर पहुंचे तब मुलायम सिंह यादव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक शादी समारोह में शामिल हुए पीएम नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार एक दूसरे से मिले और हाथ मिलाकर अभिवादन किया।

 

Thursday, 26 February 2015

तेज प्रताप की शादी आज, चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली पहुंच रहे बराती

मैनपुरी के सांसद तेज प्रताप यादव के 26 फरवरी के विवाह समारोह में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव व अन्य रिश्तेदार सैफई पहुंच गए हैं। बराती सुबह दिल्ली के लिए चार्टर्ड प्लेन और कारों से रवाना होंगे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार शाम करीब पांच बजे सैफई पहुंचे।

तेज प्रताप की शादी को लेकर सैफई में जश्न का माहौल है। बधाई गीतों व नाच गाने का आयोजन चल रहा है। इन दिनों संसद चल रही है और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं।

इससे पहले 21 फरवरी को तेज प्रताप का तिलक समारोह पूरे शाही तामझाम के साथ हुआ। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी पहुंचे। गौरतलब है कि तेज प्रताप मुलायम सिंह यादव के पोते हैं। तेज प्रताप का विवाह राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की छोटी बेटी राजलक्ष्मी से तय हुआ है। उम्मीद की जा रही है कि तिलक समारोह में शामिल होने सैफई पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।