Showing posts with label ममता बनर्जी. Show all posts
Showing posts with label ममता बनर्जी. Show all posts

Wednesday, 18 March 2015

नन गैंगरेप केसः ममता ने की सीबीआइ जांच की सिफारिश

नन गैंगरेप मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीबीआइ जांच की सिफारिश की है। वहीं, इस मामले में कैथोलिक बिशप्स कांफ्रेंस ऑफ इंडिया (सीबीसीआई) के अध्यक्ष कार्डिनल बेसेलियस क्लीमिस ने पीड़िता से मिलने के लिए राणाघाट का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वे आज शाम राज्य की मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पीडि़ता को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग करेंगे। उन्होंने इस घटना पर समूचे राष्ट्र द्वारा संवेदना जताने का आभार जताया और कहा कि पूरा समुदाय उनके साथ खड़ा है।

इससे पहले सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने भी मामले पर नाराजगी जाहिर की। वाड्रा ने अपनी नाराजगी फेसबुक पर जाहिर की। वाड्रा ने लिखा कि उन्हें नन के साथ हुई रेप की घटना से बहुत धक्का लगा है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नन के साथ हुए रेप पर नाराजगी जाहिर की थी। संसद में भी मंगलवार को नन रेप का मामला उठाया गया था।

रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, 'एक 71 साल की नन के साथ हुए गैंगरेप की खबर को सुनकर और इसके बारे में जो न्यूज चैनल्स में देखा उससे मुझे बहुत धक्का पहुंचा है। एक ऐसी महिला जिसने अपना पूरा जीवन गरीब और असहाय लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है, उसके साथ ऐसी शर्मनाक हरकत बर्दाश्त के बाहर है।'

Monday, 9 March 2015

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की मेरे काम की तारीफः ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। पीएम से मुलाकात के दौरान ममता बनर्जी की प्रश्चिम बंगाल पर कर्ज के मुद्दे पर बात हुई। ममता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें समस्या के समाधान का भरोसा दिया है।

पीएम से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके काम की तारीफ की। पीएम ने माना की पश्चिम बंगाल पर सबसे ज्यादा कर्ज है। ममता ने उनसे कर्ज माफी की मांग की।पीएम से मिलने के लिए ममता बनर्जी रविवार शाम को ही दिल्ली पहुंच गईं थीं।

दिल्ली के लिए प्रस्थान करने से पहले ममता ने कोलकाता में कहा, 'मैं भीख मांगने के लिए दिल्ली नहीं जा रही हूं। राज्य को उसका अधिकार मिलना चाहिए।' उन्होंने कहा, '14 वें वित्तीय आयोग का इंतजार किया है। हमें कुछ नहीं मिला। अब तक हम एक लाख करोड़ रुपए कर्ज के ब्याज के रूप में चुका चुके हैं। अब धैर्य रखना मुश्किल हो रहा है। इसलिए प्रधानमंत्री से मिलने जा रही हूं।' बता दें कि 25 फरवरी को ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर उनसे मिलने का समय मांगा था।