Showing posts with label जेम्स मिशेल. Show all posts
Showing posts with label जेम्स मिशेल. Show all posts

Tuesday, 10 March 2015

सेशेल्स, मॉरिशस और श्रीलंका से मजबूत संबंध हमारी प्रा‍थमिकता: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से सेशेल्स, मॉरिशस और श्रीलंका की पांच दिनों की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। अपनी इस यात्रा पर जाने से पहले उन्होंने कहा कि इस यात्रा के तहत उनका लक्ष्य तीनों देशों के साथ मधुर संबंध बनाना है। उन्होंने कहा कि 1981 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली सेशेल्स यात्रा है। पीएम ने कहा कि सेशेल्स से भारत के काफी पुराने और मधुर संबध रहे हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति जेम्स मिशेल से मिलने को बेताब हैं।

मोदी ने कहा कि वह मॉरिशस के स्वतंत्रता दिवस समारोह में खुद को मुख्य अतिथि बनाए जाने पर गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। यह समारोह 12 मार्च को होना है। अपनी यात्रा पर रवाना होने से पूर्व उन्होंने पत्रकारों से कहा कि यह दिन इसलिए भी खास है क्योंकि आज ही महात्मा गांधी ने दांडी यात्रा की शुरुआत की थी। मॉरिशस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह एक छोटा भारत जैसा है और उनका मकसद दोनों देशों के बीच संबंधों को और मधुर बनाना है। पीएम इस दौरे के दौरान श्रीलंका भी जाएंगे। 1987 के बाद से वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं जो श्रीलंका के दौरे पर जा रहे हैं।

श्रीलंका की यात्रा के विषय में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वह वहां पर विभिन्न नेताओं और पार्टी प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करना और सौहार्दपूर्ण वातावरण तैयार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अपनी इस यात्रा से वह दोनों देशों के बीच नया अध्याय लिखेंगे। नरेंद्र मोदी अपनी यात्रा के अंतिम चरण में श्रीलंका के तमिल बहुल क्षेत्र जाफना का दौरा भी करेंगे। विदेश सचिव एस. जयशंकर ने बताया कि श्रीलंका के साथ मछुआरों की स्थिति से लेकर आर्थिक सहयोग तक के तमाम मुद्दे पर बातचीत होगी।