Showing posts with label इंटरव्यू. Show all posts
Showing posts with label इंटरव्यू. Show all posts

Saturday, 7 March 2015

...तो मार देता राष्ट्रपति बराक ओबामा कोः आइएस आतंकी

अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआइ के हाथ लगे एक आइएस आतंकी ने कहा है कि 'अगर उसे गिरफ्तार नहीं किया गया होता तो वो अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को गोली मार देता'। इस आतंकी ने ये बात एक अमेरिकी टीवी चैनल की ओर से किए गए इंटरव्यू में कही।

20 वर्षीय क्रिस्टोफर ली कार्नेल को केंतुकी जेल में रखा गया है। अमेरिकी टीवी चैनल डब्लू इलेवन टीवी की ओर किये गए इंटरव्यू में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि वो इस्लामिक स्टेट ग्रुप ( आइएसजी) का सदस्य है। उसने बताया कि वो आतंकी संगठन पर अमेरिकी हमले से संबंधित सभी सरकारी अधिकारियों को मारने की साजिश रच रहा था।

टीवी चैनल की ओर से ये इंटरव्यू कल रात (शुक्रवार) को प्रसारित किया गया। इंटरव्यू के प्रसारण के कुछ ही घंटों बाद कार्नेल के वकील ने कहा कि निष्पक्ष सुनवाई के दौरान ऐसा करना प्रतिवादी के अधिकारों का हनन है।

Wednesday, 4 March 2015

एआईबी पर फिर बोले आमिर, कहा हो गए थे भावुक

एआईबी रोस्ट को लेकर बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने एक बार फिर बयान दिया है। इस बार उनका कहना है कि इस विवादित वीडियो को लेकर पहले दिया गया उनका बयान नैतिकता पर नहीं था बल्कि उन्होंने भावुक होकर बयान दिया था।

दरअसल आमिर ने इस विवादित शो की आलोचना की थी जिसके बाद इंडस्ट्री के लोगों ने आमिर का विरोध किया था। आमिर का विरोध करने वाले लोगों ने भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला दिया था।

अब एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटर्व्यू में आमिर ने कहा, 'मैं जानता हूं कि अगर आप रोस्ट में जाते हैं तो आपको एक-दूसरे की बेइज्जती करनी होती है। लेकिन शो में उन लोगों को भी निशाना बनाया गया जो उसका हिस्सा नहीं थे, जैसे फरीदा जलाल, रीमा लागू और एक खूबसूरत यंग लड़की जिसे मैं दिल से चाहता हूं।'

आमिर ने आगे कहा, 'मैं उस यंग लड़की को तब से जानता हूं जब वो बच्ची थी। वो जातिवाद और भद्दे मजाक का शिकार हुई। वो जानती भी नहीं थी कि लाइव ऑडियंस वो देख रही है और वो खुद को इससे बचा नहीं सकती। ये गलत है। जब मैंने इस शो को हिंसक कहा, तो मेरा ये मतलब था। जिन फिल्मों में हम हिंसा दिखाते हैं, वो काल्पनिक होती हैं लेकिन ये लड़की असली है। तो मेरी प्रतिक्रिया नैतिक नहीं बल्कि भावुक थी।'

डॉक्यूमेंट्री विवादः सदन में हंगामे पर बोले राजनाथ 'नहीं होगा प्रसारण'

 निर्भया कांड के दोषी मुकेश के इंटरव्यू और उस पर बनी डॉक्यूमेंट्री को लेकर राजनीति गरमाती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर आज संसद में जोरदार हंगामा हुआ, जिसके बाद गृहमंत्री राजनाथ सिंह को सफाई देनी पड़ी। उन्होंने सदन को बताया कि इंटरव्यू की इजाजत शर्तों के आधार पर दी गई थी। उन्होंने ये भी माना कि इस दौरान शर्तों की अनदेखी हुई है। फिलहाल विवादित डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण पर रोक लगा दी गई है।

दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद निर्भया के गुनहगार मुकेश के बयानों के आधार पर बनी डॉक्यूमेंट्री का मुद्दा आज संसद में खूब गूंजा। राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे और जबाव की मांग के बाद केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सफाई दी। राजनाथ सिंह ने कहा कि इंटरव्यू की इजाजत शर्तों के आधार पर दी गई थी। लेकिन यहां शर्तों की अनदेखी हुई है। शर्त के मुताबिक डॉक्यूमेंट्री पहले प्रशासन को दिखाना था।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी कीमत पर इस डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण नहीं किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण मंजूरी की इजाजत की जांच कराने की भी बात कही है। उन्होंने माना कि इस मामले में शर्तों की अनदेखी हुई है और आगे से ऐसे कार्यक्रमों की कोई इजाजत किसी को भी नहीं दी जाएगी।