Showing posts with label AAP. Show all posts
Showing posts with label AAP. Show all posts

Monday, 23 February 2015

दिल्ली के बाद अब यूपी में भी पांव पसारने में जुटी 'आप'

आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी
दिल्ली विधानसभा चुनावों में फतह हासिल करने के बाद अब आम आदमी पार्टी देश के सबसे़े बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पांव पसारने की तैयारी कर रही है। पार्टी को आशा है कि वो यूपी जैसे राज्य से जातिवाद की राजनीति खत्म कर नये झंडे गाड़ेगी।

आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और राज्य के प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी ने कहा है कि साल 2017 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लड़ने के बारे में पार्टी ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है लेकिन अब से पार्टी का फोकस मुख्य रूप से यूपी पर ही होगा। उन्होंने आगे कहा कि लोगों को लगता है कि राज्य में जातिवाद की राजनीति ने पांव पसार रखे हैं लेकिन उनकी पार्टी ऐसा नहीं मानती है। इसके पीछे माहेश्वरी ने तर्क दिया कि हर चुनाव के बाद मतदाता सरकार बदल देते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मतदाताओं के पास मुद्दों की राजनीति लेकर जाएंगे तो सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हम राज्य में विकल्प की राजनीति को लेकर आश्वस्त हैं जो जाति और धर्म की राजनीति छोड़कर मुद्दों की राजनीति करेगी। फिलहाल आम आदमी पार्टी की राज्य के 72 जिलों में समितियां हैं और इन जिलों को पांच जोन में बांटा गया है जिसका नेतृत्व राज्य सचिव करेंगे।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi
 

Wednesday, 18 February 2015

'भाजपा ने नेता विपक्ष के पद के लिए विजेंद्र गुप्‍ता को चुना'

विजेंद्र गुप्‍ता
विजेंद्र गुप्‍ता
भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) चाहती है कि दिल्ली विधानसभा में उसे 'नेता विपक्ष' का पद मिले। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा ने बताया कि उन्होंने रोहिणी से विधायक विजेंन्द्र गुप्ता को विपक्ष का नेता पद के लिए चुना है।

प्रभात झा से जब पूछा गया कि दिल्ली विधानसभा में उनके तीन विधायकों की क्या भूमिका होगी, तो उन्होंने कहा कि वे हमारे ब्रह्मा, विष्णु और महेश हैं। उधर विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वह विधानसभा में नेता विपक्ष के पद की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं। 

हालांकि इससे पहले विजेंद्र गुप्ता ने कहा था कि वह आम आदमी पार्टी से विपक्ष के नेता का पद नहीं मांगेंगे। दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनावों में इस बार भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। विधानसभा की 70 सीटों में से भाजपा सिर्फ तीन पर ही जीत दर्ज कर पाई। किसी भी पार्टी को विपक्ष के नेता का पद तभी मिलता है, जब उसने कम से कम 10 फीसदी सीटें जीती हों। ऐसे में यह आम आदमी पार्टी की इच्छा पर निर्भर करता है कि वो भाजपा को नेता विपक्ष का पद दे या नहीं। 

जब आम आदमी पार्टी से पूछा गया कि क्या वे भाजपा को नेता विपक्ष का पद देने के इच्छुक हैं, तो उन्होंने कहा कि पहले उन्हें इसकी मांग तो करने दीजिए। हालांकि आम आदमी पार्टी से जुड़े कवि कुमार विश्वास का कहना था कि यदि भाजपा की सीटें सात से भी कम आती हैं, तो भी उन्हें नेता विपक्ष का पद दिया जाएगा, क्योंकि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi 
 


कोल ब्‍लॉक के लिए बोली लगाएगी दिल्‍ली सरकार

कोल ब्लॉक नीलामी
कोल ब्लॉक नीलामी
आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार ने कोल ब्लॉक नीलामी में भाग लेने का निर्णय लिया है। कोल ब्लॉक की मदद से केजरीवाल सरकार दिल्लीवासियों को सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराने की योजना बना रही है। दिल्ली विधानसभा चुनावों में 'आप' ने बिजली दरों को आधा करने का वादा किया था। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से रद 204 ब्लॉकों में से 21 ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया इन दिनों चल रही है। 

केजरीवाल सरकार की योजना दिल्ली में एक बड़ा पावर प्लांट लगवाने की है। आम आदमी पार्टी चाहती है कि कोल ब्लॉक की मदद से कोई निजी कंपनी दिल्ली में पर्याप्त मात्रा में किफायती बिजली मुहैया कराने के लिए एक बड़ा पावर प्लांट लगाए। केजरीवाल सरकार का लक्ष्य अगले पांच सालों में खुद के दम पर 4000 मेगावॉट बिजली का उत्पादन करना है। 

बता दें कि कुछ दिनों पहले एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इशारों ही इशारों में केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुफ्त बिजली देने का वादा वो राज्य भी करते हैं, जो खुद बिजली का उत्पादन नहीं करते। बिजली के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर हैं।

इससे पहले दिल्ली के ऊर्जा मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि प्रदेश सरकार के पास ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की बड़ी योजना है। हमारी योजना के जरिए रिन्यूएबल और परंपरागत, दोनों स्रोतों से बिजली उत्पादन को बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया, 'हमने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि जहां भी संभव हो, हमें एक कोल ब्लॉक दिया जाए। हम इस बारे में जल्द औपचारिक अनुरोध करेंगे। हमारी योजना अगले पांच सालों में अपने दम पर चार हजार मेगावॉट बिजली उत्पादन की है।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi