Showing posts with label BJP. Show all posts
Showing posts with label BJP. Show all posts

Monday, 23 February 2015

पीएम मोदी की बदौलत ही स्वदेश लौट पायाः फादर प्रेम

फादर प्रेम
फादर प्रेम
अफगानिस्तान में आठ माह से बंधक फादर एलेक्सिस प्रेम कुमार रिहा होकर स्वदेश पहुंच गए हैं। आठ महीने पहले अफगानिस्तान के हरात प्रांत से आतंकियों ने उन्हें अगवा कर लिया था।

दिल्ली हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए फादर प्रेम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना आभार जताया। उन्होंने कहा, 'मैं ईश्वर को धन्यवाद देना चाहता हूं, साथ ही मैं प्रधानमंत्री का भी आभारी हूं जिनकी बदौलत आज स्वदेश लौट पाया। अफगानिस्तान के बारे में उन्होंन कहा कि मैं बुरे दौर से गुजरा लेकिन अब मैं यहां आकर खुश हूं।'

उधर, प्रेम कुमार की रिहाई की खबर मिलते ही उनके परिजन खुशी से झूम उठे। खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने फोन कर एलेक्सिस के भारत पहुंचने के बारे में जानकारी दी। फादर एलेक्सिस के भाई अल्बर्ट मनोहरन ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने उनके पिता और बहन से रविवार को बात की और कहा कि प्रेम कुमार रविवार शाम दिल्ली पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इस खबर को सुनकर अत्यंत खुश हैं। हम उनकी रिहाई सुनिश्चित कराने में किए गए प्रयास के लिए भारत सरकार को और तमिलनाडु सरकार को धन्यवाद देते हैं।

प्रेम कुमार के एक अन्य भाई जॉन जोसेफ ने कहा, 'यह हमारे लिए रविवार का बहुत बड़ा उपहार है।' उन्होंने मोदी सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा, 'यह एक ऐसी सरकार है, जो रविवार को भी काम करती है। हम केंद्र सरकार को और प्रधानमंत्री मोदी को इस महान कार्य के लिए बधाई देते हैं।' मोदी ने इसके पहले प्रेम कुमार की सुरक्षित रिहाई के बारे में ट्वीट किया था।

Source: Dainik Jagran News in Hindi
 

जम्मू–कश्मीर में सरकार जल्द, महबूबा ने दिए संकेत

जम्मू–कश्मीर में सरकार गठन को लेकर भाजपा और पीडीपी के बीच फंसे पेंच के जल्द सुलझने के संकेत मिले हैं। पीडीपी की वरिष्ठ नेता महबूबा मुफ्ती ने आज कहा कि राज्य में सरकार बनाने को लेकर जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है।

मुफ्ती ने आज संसद भवन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य चुनावों में मिले अजीब जनादेश की वजह से सरकार बनाने को लेकर लंबे समय से वार्ता का क्रम जारी है। अभी एक साझा न्यूनतम कार्यक्रम बनाए जाने की जरूरत है।

दरअसल, राज्य के चुनावी नतीजों में खंडित जनादेश के बाद पीडीपी एवं भाजपा मिलकर सरकार बनाने की संभावनाएं तलाश रही हैं, लेकिन दोनों दलों के बीच अफ्सपा और अनुच्छेद 370 जैसे विवादास्पद मुद्दों पर मतभेद है। हालांकि सूत्र बता रहें है कि दोनों मुद्दे सुलझा लिए गए हैं और और न्यूनतम साझा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi
 

Thursday, 19 February 2015

'लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे पीएम नरेंद्र मोदी'

पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी
असम में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य प्रद्युत बोरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बोरा का कहना है कि नरेंद्र मोदी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं। भाजपा में भी अब लोकतंत्र नहीं रह गया है। बोरा ने भाजपा से 2004 में नाता जोड़ा था।

प्रद्युत बोरा ने प्रधानमंत्री पर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाते हुए भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और प्रांरभिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बोरा ने अध्यक्ष अमित शाह को लिखे गए अपने पांच पृष्ठों के लंबे इस्तीफा पत्र में मोदी और शाह दोनों पर देश और पार्टी की लोकतांत्रिक परंपरा को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता को बहुत तेजी से प्रधानमंत्री कार्यालय में कें द्रित किया जा रहा है और किसी भी कैबिनेट मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय के अधिकारी या सांसद को मोदी की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न उठाने का साहस नहीं है। बोरा ने 2004 में भाजपा से नाता जोड़ा था। उन्होंने शाह पर आरोप लगाया कि वे बहुत ही केंद्रित होकर और व्यक्तिगत होकर निर्णय लेते हैं जिससे पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ताओं का बड़ा हिस्सा अलग थलग हो गया है। उन्होंने दावा कि भाजपा पूर्व कांग्रेसी नेता डॉ. हिंमत विश्व शर्मा को पार्टी में लाने की कोशिश कर रही है जो वस्तुत असम के सबसे भ्रष्ट नेता हैं।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi 

Wednesday, 18 February 2015

'भाजपा ने नेता विपक्ष के पद के लिए विजेंद्र गुप्‍ता को चुना'

विजेंद्र गुप्‍ता
विजेंद्र गुप्‍ता
भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) चाहती है कि दिल्ली विधानसभा में उसे 'नेता विपक्ष' का पद मिले। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा ने बताया कि उन्होंने रोहिणी से विधायक विजेंन्द्र गुप्ता को विपक्ष का नेता पद के लिए चुना है।

प्रभात झा से जब पूछा गया कि दिल्ली विधानसभा में उनके तीन विधायकों की क्या भूमिका होगी, तो उन्होंने कहा कि वे हमारे ब्रह्मा, विष्णु और महेश हैं। उधर विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वह विधानसभा में नेता विपक्ष के पद की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं। 

हालांकि इससे पहले विजेंद्र गुप्ता ने कहा था कि वह आम आदमी पार्टी से विपक्ष के नेता का पद नहीं मांगेंगे। दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनावों में इस बार भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। विधानसभा की 70 सीटों में से भाजपा सिर्फ तीन पर ही जीत दर्ज कर पाई। किसी भी पार्टी को विपक्ष के नेता का पद तभी मिलता है, जब उसने कम से कम 10 फीसदी सीटें जीती हों। ऐसे में यह आम आदमी पार्टी की इच्छा पर निर्भर करता है कि वो भाजपा को नेता विपक्ष का पद दे या नहीं। 

जब आम आदमी पार्टी से पूछा गया कि क्या वे भाजपा को नेता विपक्ष का पद देने के इच्छुक हैं, तो उन्होंने कहा कि पहले उन्हें इसकी मांग तो करने दीजिए। हालांकि आम आदमी पार्टी से जुड़े कवि कुमार विश्वास का कहना था कि यदि भाजपा की सीटें सात से भी कम आती हैं, तो भी उन्हें नेता विपक्ष का पद दिया जाएगा, क्योंकि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi