Showing posts with label मौसम विभाग. Show all posts
Showing posts with label मौसम विभाग. Show all posts

Monday, 2 March 2015

लगातार बारिश से फसलें चौपट, अरमानों पर फिरा पानी

पूरे उत्तर भारत में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों तक बारिश ऐसे ही लोगों को भिगोएगी। उत्तर भारत के पहाड़ों पर जहां बर्फबारी से जाती हुई ठंड वापस आ गई है, वहीं मैदानी क्षेत्र में बारिश ने किसानों की फसलों पर बुरा असर डाला है। मौसम वैज्ञानियों ने अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की आशंका जताई है। राजधानी नई दिल्ली के असमान्य ढंग से गर्म हो गए मौसम में रविवार को ठंडी हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को काफी राहत पहुंचाई।

मौसम विभाग ने अगले दिन भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जाहिर की है। दिल्ली में 17 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। उत्तर प्रदेश में बेमौसम हुई बरसात से फसल की बर्बादी के साथ किसानों के चेहरे भी मुरझा गए। तिलहन, गेहूं, आलू और दलहन समेत लगभग सभी फसलों को व्यापक नुकसान होने की आशंका है। बुंदेलखंड में फसल बर्बादी देख दो किसानों की सदमे से मौत हो गई, वहीं कर्ज में डूबे दूसरे किसान ने फांसी लगाकर जान दे दी। यहां वर्षा के कारण आलू की बेल सड़ सकती है। अगैती गेहूं की फसल तेज हवाओं से गिर गई हैं। चना, मटर व मसूर के साथ ही अब गेहूं की फसल में भी संकट खड़ा हो गया है।




Wednesday, 25 February 2015

हिमाचल: धर्मशाला में शीत लहर के साथ तेज बारिश

प्रदेश में मंगलवार शाम से जारी बारिश बुधवार को भी जारी रही। इस दौरान ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मंगलवार देर रात हवाओं के साथ हुई बारिश से कई क्षेत्रों बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है।

मौसम में फिर आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दो मार्च तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार प्रदेश में पुन: पश्चिमी हवाएं सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है।

धर्मशाला में 12 बजे तक 12.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान 8.2 दर्ज किया गया। उधर डलहौजी में 62, भुंतर में 19 व शिमला में 16 मिलीमीटर बर्फबारी रिकार्ड की गई जबकि केलंग में 38, रोहतांग में 60, कल्पा में 11 व सांगला में सात सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। धर्मशाला में बारिश के बीच तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश की वजह से बीती रात धर्मशाला में बिजली भी गुल रही।

पिछले 16 फरवरी से लगातार मौसम के कड़े तेवरों के चलते गुरुवार को को भी अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रही। पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानों में बारिश के साथ सर्द हवाओं के चलने से धर्मशाला शहर में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हिमाचल में मौसम का मिजाज अभी कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा।

Source: Dainik Jagran Latest News in Hindi