Showing posts with label महेन्द्र सिंह भाटी. Show all posts
Showing posts with label महेन्द्र सिंह भाटी. Show all posts

Tuesday, 10 March 2015

भाटी हत्याकांड: बाहुबली डीपी यादव समेत चार को उम्रकैद

दादरी के विधायक महेन्द्र सिंह भाटी की हत्या के मामले में देहरादून की सीबीआई अदालत ने आज बाहुबली और पूर्व सांसद डीपी यादव समेत चार को उम्रकैद की सजा सुनाई। कोर्ट ने यादव के अलावा करन यादव, प्रनीत भाटी व पाल सिंह को भी अदालत ने आजीवन कारावास की सजा दी। बीते 28 फरवरी को ही कोर्ट ने यादव और अन्य को भाटी की हत्या का दोषी करार दिया था। दोष निर्धारण के बाद यादव ने सोमवार को सीबीआई कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल में भेज दिया गया था।

सोमवार सुबह साढे़ दस बजे तीन एम्बुलेंस के साथ यादव अदालत पहुंचे थे। उन्हें भीड़ भरे रास्ते से अलग सीबीआई स्पेशल जज अमित कुमार सिरोई की अदालत में पेश किया गया। यहां तक की यादव की पैरवी के लिए 6-7 वकील भी अदालत पहुंचे थे। उनकी सरेंडर अर्जी पर सुनवाई के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में जेल भेज दिया था।

उल्लेखनीय है कि 13 सितंबर 1992 को गाजियाबाद क्षेत्र के भंगेल रोड पर विधायक भाटी अपने समर्थकों के साथ बंद फाटक के खुलने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान एक वाहन में सवार कुछ हथियारबंद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थी। इस फायरिंग में भाटी व उनके साथी उदय प्रकाश की मौत हो गई थी जबकि कुछ अन्य घायल हुए थे। बाद में डीपी यादव व उनके साथियों का नाम इस मामले में सामने आया था।